उत्तराखंड मौसम पूर्वानुमान में बड़ा अपडेट सामने आया है। आईएमडी की ओर से जारी पूर्वानुमान में बारिश-ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इसी के साथ ही उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों से अपील की जाती है कि वह समय से ही अपने गंतव्य पर पहुंचे।
उत्तराखंड में मानसून की विदाई के बाद अब पोस्ट मानसून सीजन में उत्तराखंड में 15 अक्तूबर से पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई देगा। मौसम विभाग ने 15, 16, 17 और 18 अक्तूबर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह ने बताया कि 15 अक्तूबर की शाम से मैदानी इलाकों में हल्की बारिश एवं पहाड़ी इलाकों में ओलावृष्टि हो सकती है। 16 अक्तूबर को हल्की से मध्यम बारिश होगी। तीन दिनों में इस दिन पीक रहेगा।
चारधाम इलाकों में तापमान तेजी से गिरेगा। उन्हें सावधानी बरतने एवं तैयारी के साथ यात्रा करने की अपील की गई है। बर्फबारी उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली के 3500 मीटर ऊंचाई पर हो सकती है। 18 अक्तूबर से तापमान से गिरावट दर्ज की जाएगी।
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी में शनिवार दोपहर में एकाएक बारिश शुरू हो गई। ओलावृष्टि भी हुई। इससे ठंड भी बढ़ गई है। वहीं चमोली जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में भी मौसम बदला। बदरीनाथ की पहाड़ियों पर बर्फबारी हुई।
नीलकंठ, उर्वशी, मन्नाग पर्वत, नारायण, नर पर्वत बर्फ से ढक गए। वहीं जोशीमठ, औली आदि क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। पहाड़ों में बारिश के बाद मौसम में ठंड होने लगी है। ठंड से बचने के लिए लोगों गर्म कपड़े निकाल लिए हैं।
