देहरादून में रायपुर ब्लॉक के सरखेत में आई आपदा में क्षतिग्रस्त हुआ राजकीय प्राथमिक विद्यालय एक साल से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी नहीं बन पाया है। ऐसे में इस स्कूल के बच्चे पास के ही उच्च प्राथमिक विद्यालय की छत पर पढ़ाई करने को मजबूर हैं। वहीं, 16 बच्चों ने तो स्कूल ही छोड़ दिया है।दरअसल, रायपुर के मालदेवता से करीब चार किलोमीटर दूर सरखेत में बीते साल 2022 के अगस्त महीने में आपदा से राजकीय प्राथमिक विद्यालय क्षतिग्रस्त हो गया था। ऐसे में इस स्कूल के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो इसके लिए विभाग ने पास के ही दूसरे स्कूल में बच्चों के बैठने की व्यवस्था बनाई थी। स्कूल की छत में एक कमरा और एक स्टोर रूम है। इनमें ही बच्चों को बैठाया और पढ़ाया जाता है।
16 बच्चों ने छोड़ा स्कूल
आपदा से पहले प्राथमिक विद्यालय में 45 बच्चे पढ़ते थे। बैठने की व्यवस्था न होने के चलते 16 बच्चों ने स्कूल छोड़ दिया। सरखेत के पूर्व प्रधान बिजेंद्र सिंह पंवार ने कहा कि राजधानी दून से सरखेत की दूरी महज 18 किलोमीटर है। बावजूद इसके एक साल बीत जाने के बाद भी स्कूल नहीं बन पाया। इतना ही नहीं गांव में टूटा पुल भी नहीं बन पाया है।
