देहरादून, ब्यूरो। कांग्रेस पार्टी द्वारा उदयपुर राजस्थान में आयोजित 3 दिवसीय नव संकल्प शिविर के सफल आयोजन के उपरान्त लिये गये निर्णय के अनुसार अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा उदयपुर नव संकल्प घोषणा के क्रियान्वयन पर चर्चा एवं योजना बनाने हेतु प्रदेश के सभी 13 जनपदों में 11 जून से 14 जून तक जिला स्तरीय कार्यशालायें आयोजित की गई। इसी कार्यक्रम के तहत आज देहरादून जनपद में पार्टी की तीनों संगठनात्मक जिला व शहर इकाइयों द्वारा संयुक्त रूप से नव संकल्प क्रियान्वयन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यशाला का संचालन महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा ने किया। नव संकल्प क्रियान्वयन कार्यशाला में पार्टी संगठन की मजबूती पर हुई व्यापक चर्चा व उदयपुर नव संकल्प को पार्टी के बूथ स्तर तक पहुंचाने का निर्णय लिया। कार्यशाला में उपस्थित सभी कांग्रेसजनों ने एक आवाज में फिरका परस्ती ताकतों द्वारा समाज को बांटने की चेष्टा का पुरजोर विरोध किया।
कार्यशाला में कांग्रेसजनों ने कहा कि कांग्रेस शासन में जनहित मे महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, सूचना का अधिकार, शिक्षा का अधिकार जैसे बडे कानून बनाये गये जिन्हें आज सत्ता में बैठे लोग अपनी उपलब्धि बता कर अपनी पीठ थपथपा रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ता इसका भी प्रचार-प्रसार करेंगे जिससे भाजपा के झूठ का पर्दाफास हो सकेगा।
