देहरादून, ब्यूरो। चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए आ रहे श्रद्धालुओं के साथ स्वास्थ्य विभाग अब निरन्तर सम्पर्क में रहेगा। खासकर ऐसे यात्रियों पर विशेष ध्यान रखा जाएगा जिन्हें हेल्थ स्क्रीनिंग के उपरान्त विषम स्वास्थ्य परिस्थितियों के अन्तर्गत स्वयं के जोखिम पर उनसे अण्डरटेकिंग प्राप्त कर आगे की यात्रा की अनुमति दी गयी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा ऐसे सभी यात्रियों को स्वास्थ्य जानकारी हेतु हेल्पलाइन नंबर 104 के विषय में विशेष रूप से जानकारी दी जा रही है, ताकि यात्रा के दौरान स्वास्थ्य खराब होने पर श्रद्धालुगण 104 हेल्पलाईन के माध्यम से राज्य कंट्रोल रूम पर सम्पर्क कर त्वरित चिकित्सकीय सहायता ले सकेंगे और संकट में आने पर श्रद्धालुओं की जीवनरक्षा हो सके।
चारधाम यात्रा के लिए आ रहे तीर्थयात्रियों में से 80 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल चुका है। इसमें 6091 श्रद्धालु तो ऐसे हैं जिनको आपात स्थिति में चिकित्सकीय सेवा उपलब्ध कराई गई है। चारधाम यात्रा के लिए संचालित राज्य कंट्रोल रूम से प्राप्त जानकारी के अनुसार अभी तक चारधाम यात्रा मार्गों पर स्थित स्वास्थ्य इकाईयों में 81308 श्रद्धालुओं द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं का प्रयोग किया गया है। यात्रा के दौरान 471 घायल व्यक्तियों को आवश्यक उपचार दिया गया है और 408 श्रद्धालुओं को एम्बुलेंस से तथा 31 को हैली एम्बुलेंस के माध्यम से हायर सेन्टर पर रैफर किया गया है। यात्रियों की अत्यधिक संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा 104 हेल्पलाईन को श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य संबंधित आवश्यक्ता के अनुसार अपडेट किया गया है। ताकि यात्रियों को नजदीकी चिकित्सा केन्द्र की जानकारी एवं वहां पर उपलब्ध सुविधाओं तक पहुंचने में सरलता हो सके।
