देहरादून, ब्यूरो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश सरकार ने लखनऊ में इन्वेस्टर मीट, ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह-3 (जीबीसी-3) का आयोजन किया। इस आयोजन में तीन सौर ऊर्जा परियोजनाओं के माध्यम से उत्तर प्रदेश में 1000 करोड़ रुपए से अधिक का निवेश करने के लिए एसजेवीएन को सम्मानित किया गया। उक्त पृष्ठभूमि के परिपेक्ष्य में अखिलेश्वर सिंह, निदेशक (वित्त) ने राजेश गुप्ता, मुख्य महाप्रबंधक (पीटी एंड बीडीई) और सुरेंद्र सिंह, उत्तर प्रदेश परियोजनाओं के प्रमुख के साथ अरविंद कुमार शर्मा विद्युत मंत्री, उत्तर प्रदेश से भेंट की तथा उन्हें उत्तर प्रदेश में निर्मित की जा रही एसजेवीएन की तीन सौर विद्युत परियोजनाओं की प्रगति संबंध में अवगत कराया।
एसजेवीएन टीम के साथ निदेशक (वित्त) ने एम. देवराज, यूपीपीसीएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक और प्रमुख सचिव, ऊर्जा विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार से भी उत्तर प्रदेश में सौर ऊर्जा विकास के लिए एसजेवीएन की रुचि अभिव्यकत करने हेतु भेंट की। देवराज शर्मा ने विद्युत के अन्य स्रोतों के संयोजन में अपनी जल विद्युत परियोजनाओं के माध्यम से राज्य में सौर ऊर्जा विकास करने और आरटीसी विद्युत की आपूर्ति के लिए एसजेवीएन के प्रयोजन की सराहना की। बैठक के दौरान एसजेवीएन और उत्तर प्रदेश सरकार के मध्य एक संयुक्त उपक्रम के गठन की संभावना पर भी चर्चा की गई। देवराज शर्मा ने एसजेवीएन को जलविद्युत और एसजेवीएन के अन्य नवीकरणीय स्रोतों के माध्यम से राज्य की पीकिंग एनर्जी डिमांड मांग की आपूर्ति के लिए वर्तमान और आगामी प्रतिस्पर्धी बोली अवसरों में भाग लेने का भी सुझाव दिया।
