वीकेंड पर सैलानियों की भीड़ उमड़ने से सरोवर नगरी के अधिकांश होटल पैक हो गए हैं। जिसके चलते नगर की रंगत में निखार आ गया है। दशहरा तक दिन सैलानियों की आमद में बढ़ोतरी रहेगी। नगर सैर के लिए शुक्रवार से सैलानियों का पहुंचना शुरू हो गया था, जो शनिवार देर शाम तक जारी रहा।काफी संख्या में बंगाली सैलानी पहुचे हुए हैं। पार्किंग फुल हो जाने से नगर का यातायात प्रभावित हुआ। पार्किंग की तलाश में सैलानी मशक्कत करते नजर आए। चिड़ियाघर व स्नो व्यू मार्ग में कई बार जाम लगने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लगातार बढ़ते लोगों के चलते यहां पर जाम की भी समस्या खड़ी हो रही है।
सैलानियों से गुलजार हुआ नैनीताल
सैलानियों की भीड़ उमड़ने से पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार रहे। स्नो व्यू, हिमालय दर्शन, चिड़ियाघर, केव गार्डन, बोटनिकल गार्डन, वाटरफाल, हनुमानगढ़ी व सरिताताल में पूरे दिन सैलानियों की आवाजाही बनी रही। मालरोड में भी चहल कदमी करने वाले सैलानियों की भीड़ रही।
हनुमानगढ़ी में मौसम का लुफ्त उठा रहे सैलानी
नैनीताल में नौका विहार करने वालों का पूरे दिन तांता लगा रहा। शाम के समय सूर्यास्त का आनंद उठाने के लिए हनुमानगढ़ी में काफी संख्या में सैलानी पहुंचे हुए थे। इन दिनों मौसम ठंडा होने से लोग भारी संख्या में यहां पहुंच रहे हैं।
