उत्तराखंड की नैनीताल पुलिस ने उत्तर प्रदेश पुलिस के एक कांस्टेबल समेत तीन ड्रग तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से एक किलो से अधिक स्मैक बरामद की है। मात्रा के हिसाब से यह उत्तराखंड में स्मैक की सबसे बड़ी बरामदगी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब एक करोड़ रुपए है।
नैनीताल जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रहलाद नारायण मीणा ने बताया, ‘हमें सूचना मिली थी कि ड्रग तस्कर सौदे के लिए हल्द्वानी आ रहे हैं। उन्हें पकड़ने के लिए हमने पुलिस अधीक्षक(अपराध) जगदीश चंद्र और एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) के नोडल अधिकारी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने गुरुवार को लाल कुआं में सुभाष नगर बैरियर पर वाहन चेकिंग शुरू की। तीन लोग बरेली रोड से लालकुआं की ओर आते दिखे। पुलिस टीम उन्हें चेकिंग के लिए रुकने के लिए कहा, लेकिन वे नहीं रुके। हमारे पुलिसकर्मियों ने उनका पीछा किया और उन्हें पकड़ लिया।’
एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने आगे बताया, ‘ड्रग तस्करों की जांच करने पर हमने उनके पास से 1075.1 ग्राम स्मैक बरामद की। हमने वह बाइक भी जब्त कर ली जिस पर वे यात्रा कर रहे थे। यह उत्तराखंड की सबसे बड़ी स्मैक बरामदगी है। आरोपियों की पहचान बरेली निवासी मोरपाल (20), बरेली निवासी अर्जुन पांडे (21) और बागपत निवासी और वर्तमान में बरेली में तैनात यूपी पुलिस कांस्टेबल रवींद्र सिंह (27) के रूप में हुई।
