बढ़ते डेंगू के प्रकोप को रोकने के लिए नगर निगम ने लापरवाही बरतने वाले कॉम्पलेक्स, मॉल और टावरों के खिलाफ कार्रवाई की है। शनिवार को डेंगू लार्वा पाए जाने पर निगम की ओर से कैंट रोड स्थित सेंट्रियो मॉल और अशोक एसोसिएट पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना ठोका है। डेंगू लार्वा पाए जाने पर सात प्रतिष्ठानों पर भी 138500 रुपये का जुर्माना लगाया है।दून में डेंगू का डंक लगातार फैल रहा है। निगम ने सभी मॉल, टावर, कॉम्पलेक्स को अपने प्रतिष्ठानों में पानी जमा न होने देने के निर्देश दिए हैं, ताकि लार्वा न पनपने पाए। इसके बाद भी लापरवाही बरती जा रही है। अब निगम ने ऐसे मॉल आदि के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार को उपनगर आयुक्त, रोहिताश शर्मा के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने घंटाघर से बल्लुपुर चौक तक बेसमेंट युक्त व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के माॅल एवं टावरों में निरीक्षण किया। डेंगू लार्वा पाए जाने पर इनके खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की गई।
—-
यहां मिला लार्वा, इतना लगा जुर्माना
– सेंट्रियो मॉल-50 हजार रुपये
-अशोक एसोसियेट का 50 हजार रुपये
-कमल वाधवा पैराडाइज टावर का 20 हजार रुपये
-जनपथ शापिंग कॉम्प्लेक्स के सभी दुकानदारों को 5000 रुपये
-सुरेश कुमार के पार्किंग बेसमेंट का 5000 रुपये
-हर्ष आनपंद डब्ल्यू टावर शोरूम 5000 रुपये
-प्रवीन कौशल 2000 रुपये
—-
नगर आयुक्त ने किया शांति विहार का निरीक्षण
देहरादून। नगर आयुक्त मनुज गोयल शांति विहार पहुंचे। उन्होंने वार्ड में नालियों एवं सड़क की साफ-सफाई का निरीक्षण किया। नगर आयुक्त ने स्थानीय नागरिकों के घरों में जाकर डेंगू के लार्वा की जांच की। उन्होंने नगर निगम की डेंगू की रोकथाम के लिए कराई जा रही फॉगिंग एवं लार्वानाशक दवाओं का छिड़काव का फीडबैक भी लिया। सुमन नगर पहुंचकर भी स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की टीम के साथ घर-घर जाकर डेंगू के लार्वा का निरीक्षण किया। लार्वा पाए जाने पर नष्ट करवाया।
