डेंगू से शुक्रवार को दून अस्पताल में एक किशोरी की मौत हो गई, जबकि 22 नए मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक अबतक दून में 12 डेंगू मरीजों की मौत हो चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक जिले में पिछले 24 घंटे में कुल 1374 एलाइजा जांच हुई थीं। इसमें 22 मरीज पॉजिटिव आए हैं। इसमें तीन मरीज दून अस्पताल, छह मरीज कोरोनेशन, पांच मरीज सीएमआई, पांच मरीज सिनर्जी, तीन मरीज कैलाश अस्पताल में भर्ती हैं। इसके अलावा एक मरीज की मौत भी हुई है। जिले में अबतक कुल 611 डेंगू मरीज मिल चुके हैं। इसमें रायपुर में 548, डोईवाला (ऋषिकेश) में 28, चकराता में तीन, सहसपुर में 26 और विकास नगर में अबतक छह मरीज मिले हैं। 611 मरीजों में 588 मरीज ठीक हो चुके हैं।
वेंटिलेटर पर भर्ती थी किशोरी
दून अस्पताल के एमएस डॉ. अनुराग अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल में 13 साल की किशोरी की मौत हुई है। वह डेंगू पॉजिटिव थी। छह सितंबर को निजी अस्पताल से रेफर होकर आई थी। स्थिति गंभीर होने पर किशोरी को वेंटिलेटर पर भर्ती किया गया था। आठ सितंबर को किशोरी की मौत हो गई।
