भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। विनायक क्षेत्र के पौराणिक मानिला देवी मंदिर में आयोजित भागवत कथा सुनने भक्त उमड़े। छठे दिन कथा वाचक आचार्य योगेंद्र जोशी ने कृष्ण भगवान की लीलाओं का बखान किया। उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण ने अपने भक्तों का उद्धार और पृथ्वी को दैत्य शक्तियों से मुक्त कराने के लिए अवतार लिया था। उन्होंने कहा कि जब-जब पृथ्वी पर धर्म की हानि होती है, तब-तब भगवान धरती पर अवतरित होते हैं।
भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए लोगों को धर्म के मार्ग पर चलना चाहिए। यही मोक्ष की राह प्रशस्त करता है। विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने भी इस धार्मिक आयोजन में शामिल होकर कथा श्रवण किया। उन्होंने मंदिर को पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए इसके विकास के साथ यहां दो कक्षों के निर्माण का आश्वासन दिया। इस मौके पर मुख्य यजमान राम सिंह रावत, आयोजन समिति के तुला सिंह तड़ियाल, बहादुर सिंह, प्रकाश मठपाल, बिशन सिंह, नारायण सिंह रावत, राजेंद्र सिंह, जगत सिंह, नवीन चंद्र सहित कई लोग मौजूद रहे।