पीएम मोदी को मुस्लिम महिलाओं ने थैंक्यू बोला है। मुस्लिम महिलाओं ने पीएम मोदी और सीएम पुष्कर सिंह धामी जिंदाबाद के नारे भी लगाए। तीन तलाक सहित कई मुद्दों पर पीएम मोदी का आभार भी जताया है। देहरादून में डीएम कार्यालय पहुंचकर मुस्लिम महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम पुष्कर सिंह धामी जिंदाबाद के नारे लगाए।
उन्होंने तीन तलाक, बिना मेहरम हज यात्रा और महिला आरक्षण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष आभार जताया। उनके फोटो पर हस्ताक्षर किए और ज्ञापन भेजे। सोमवार को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी के निर्देशन में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
‘शुक्रिया मोदी जी’ अभियान की राष्ट्रीय प्रभारी एवं राष्ट्रीय नीति एवं शोध प्रभारी डॉ. जफरीन महजबीन ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में मुस्लिम बहन-बेटियों की चिंता की जा रही है, नहीं तो उन्हें हाशिये पर धकेल दिया गया था। दावा किया कि 2024 के चुनाव में उत्तराखंड की पांचों विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज होगी।
वक्फ बोर्ड अध्यक्ष हाजी शादाब शम्स ने भी महिलाओं का उत्साह बढ़ाया और सराहना की। कार्यक्रम संयोजिका अल्पसंख्यक मोर्चा उत्तराखंड प्रदेश मंत्री शामिना सिद्दीकी, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सुनीता विद्यार्थी, परवीन ज़ैनब, शबनम, मुस्कान, ़गज़ाला परवीन, मुस्कान बानो, साहिबा, रिहाना, शगुफ़्ता, परवीन खान आदि मौजूद रहे।
