प्रदेश में संचालित सभी 24 मंडियों को हाइटेक करने की तैयारी है। पहले चरण में मंडियों की सभी व्यवस्थाएं ऑनलाइन की जाएंगी। इसके लिए बोर्ड ने नवंबर तक का समय तय किया है। प्रत्येक मंडी के लिए विशेष लॉगइन की व्यवस्था कराई जाएगी। इसके बाद विभागीय कार्यों पर मंडी से जुड़े सभी लोग नजर रख सकेंगे।
उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड ने तैयारी की है कि सभी मंडियों के लिए विशेष लॉगइन तैयार कराएं जाए। इसकी मदद से प्रत्येक मंडी को लॉगइन अधिकार देकर मंडियों से जुड़े डाटा को तय समय पर ऑनलाइन दर्ज कर दिया जाएगा। इन लॉगइन पर दर्ज सभी जानकारियों को एकसाथ पोर्टल पर दिखाया जाएगा।
प्रत्येक मंडी की गतिविधियों जैसे आढ़त आवंटन, आवक-जावक, सभी तरह के प्रपत्र, गेट पास, राजस्व का बेहतर आकलन करने तक की प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया जाएगा। मंडी से जुड़े सभी लोगों को ऑनलाइन प्रक्रिया संबंधी प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। बोर्ड की योजना है कि मंडी को हाइटेक करते हुए राजस्व बढ़ाने की दिशा में कार्ययोजना लागू की जाए।उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड के प्रबंध निदेशक आशीष भटगांई ने बताया कि प्रदेश की सभी 24 मंडियों को नवंबर तक ऑनलाइन किया जाएगा। इसके लिए तैयारी चल रही है। सभी व्यवस्थाएं ऑनलाइन होने पर राजस्व बढ़ सकेगा। इसके साथ ही पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
