देहरादून/नैनीताल, ब्यूरो। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) की अध्यक्षता में राजभवन गोल्फ क्लब, नैनीताल की एक्जीक्यूटिव काउन्सिल (कार्य परिषद) की बैठक हुई। बैठक में उन्होंने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए। बैठक में 18वें गवर्नर्स कप गोल्फ प्रतियोगिता-2022 की तिथियां भी निर्धारित की गई। गवर्नर्स कप गोल्फ प्रतियोगिता 16 से 18 सितम्बर, 2022 तक आयोजित की जाएंगी। उन्होंने गोल्फ खिलाड़ियों में लोकप्रिय हो चुके इस टूर्नामेंट को आकर्षक और सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित कराये जाने के लिए संबंधितों को अभी से आवश्यक तैयारी शुरू करने के निर्देश दिए।
राज्यपाल ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए ‘बैस्ट वुमैन प्लेयर टूर्नामेंट’ भी आयोजित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मैम्बरों की संख्या बहुत कम है इसे बढ़ाकर एक हजार तक किया जाए। उन्होंने स्कूली बच्चों के लिए भी समय–समय पर गोल्फ प्रशिक्षण कैम्प आयोजित कराये जाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि गोल्फ एवं गोल्फ टूरिज्म की बेहतर संभावनाओं को देखते हुए इसमें अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी आवश्यक है। राज्यपाल ने प्रत्येक वर्ष टूर्नामेंट आरंभ होने से पूर्व प्रतियोगिताओं की जानकारी, प्रशिक्षण व प्रतियोगिताओं के उन्नयन हेतु किए जाने वाले कार्यों की सूची बनाने के निर्देश दिए। बैठक में गोल्फ क्लब के विभिन्न क्रिया–कलापों के सम्बन्ध में भी चर्चा की गयी। इस दौरान गोल्फ कैप्टन कर्नल एच.सी.साह ने राजभवन गोल्फ क्लब के द्वारा पूर्व में आयोजित की गई गतिविधियों, आय–व्ययक आदि की जानकारी रखी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में मैम्बरशिप खुली है इसके लिए ईमेल आईडी पर आवेदन किया जा सकता है। बैठक में विधि परामर्शी अमित कुमार सिरोही, वित्त नियंत्रक डॉ.तृप्ति श्रीवास्तव, परिसहाय श्री राज्यपाल रचिता जुयाल, तरूण कुमार, विशेष कार्याधिकारी बी.पी.नौटियाल, मुख्य सुरक्षा अधिकारी शिव कुमार आदि उपस्थित रहे।
