चालू मानसून सत्र में हुई भारी बारिश ने प्रदेश की सड़कों की हालत बिगाड़कर रख दी है। इस दौरान तीन हजार से अधिक सड़कें और 93 पुल क्षतिग्रस्त हुए हैं। इन पर करीब 554 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है। सरकार ने सड़कों और पुलों को दुरुस्त करने के लिए पहले ही करीब 650 करोड़ रुपये के बजट की व्यवस्था कर दी है।प्रदेश से मानसून के रुखसत होते ही सड़कों को चमकाने का काम युद्धस्तर पर किया जाएगा। राज्य सरकार की ओर से वित्तीय वर्ष 2023-24 में सड़क सुरक्षा मद में 300 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया गया था। इसमें से कुछ पैसा जारी भी किया जा चुका है।
इसके अलावा इसी मद में अनुपूरक बजट में 200 करोड़ रुपये और मिल गए हैं। जबकि पीएमजीएसवाई की सड़कों के सुधार के लिए 150 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। अभी तक सड़क सुरक्षा मद में 4117.54 किमी लंबाई की सड़कों पर 56 कार्यों के लिए करीब 233.51 करोड़ रुपये शासन की ओर से जारी किए जा चुके हैं।
स्वीकृत कार्यों में निविदाएं आमंत्रित की जा रही
अभी तक शासन-प्रशासन का पूरा जोर बंद सड़कों को खोलने पर था। लेकिन अब इन्हें दुरूस्त करने काम तेजी से किया जाएगा। कुछ कार्यों के लिए पहले से ही धन आवंटन किया जा चुका है। सड़कों को सुधारने के लिए शासन की ओर से जून माह में 15 कार्यों के लिए 22.39 करोड़ रुपये, जुलाई माह में 24 कार्यों के लिए 144.95 कराेड़ रुपये और अगस्त माह में 17 कार्यों के लिए 66.17 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। अब स्वीकृत कार्यों में निविदाएं आमंत्रित की जा रही हैं। इस तरह से कुल 4117.54 किमी लंबाई की सड़कों के 56 कार्यों के लिए अब तक 233.51 करोड़ रुपये की मंजूरी शासन की ओर से दी जा चुकी है।
