रुद्रप्रयाग, ब्यूरो। पठालीधार क्षेत्र के जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता भूपाल सिंह रावत का निधन हो गया है। वे 98 साल के थे। शुक्रवार को पैतृक घाट बेडूबगड़ में उनका अंतिम संस्कार हुअर। भूपाल सिंह रावत ने पठालीधार क्षेत्र के विकास के लिए जीवन प्रयंत संघर्ष किया। पठालीधार में पोस्ट ऑफिस, इंटरमीडिएट पठालीधार और मणिपुर, पटवारी चौकी और विजयनगर-पठालीधार मोटर मार्ग का निर्माण उनके संघर्ष से ही मिल पाया। वे पठालीधार में सैनिक स्कूल की स्थापना करवाना चाहते थे। साथ ही यहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना के लिए भी संघर्ष करते रहे। लेकिन उनके ये कार्य अधूरे ही छूट गए। कोई भी विभाग ऐसा नहीं था, जहां उनके ज्ञापन न जाते हों, वे विभिन्न समस्याओं को दूर करने के लिए संबंधित विभागों को पत्र लिखते और उन्हें डाक द्वारा भेज देते थे। उन्होंने जिंदगीभर सामाजिक कार्यों में अपना समय गुजारा। उनके निधन पर कई लोगों ने अपनी संवेदना व्यक्त की है। क्षेत्र पंचायत सदस्य सावन सिंह नेगी ने बताया कि स्वर्गीय भूपाल सिंह रावत ने हमेशा सामाजिक लड़ाइयां लड़ी। वे समाजिक कार्यों के लिए हमेशा आगे रहते थे।
