देहरादून, ब्यूरो। स्वास्थ्य सचिव राधिका झा ने शुक्रवार को चारधाम यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सम्बन्धित व्यवस्थाओं को देखने के लिये आई.एस.बी.टी. ऋषिकेश स्थित मेडिकल रिलीफ पोस्ट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की रोटेशन ड्यूटी में लापरवाही पाये जाने पर सी.एम.ओ. देहरादून को कड़े निर्देश दिये गये कि कार्य के प्रति उदासीनता बरतने वाले चिकित्सक एवं अन्य स्टाफ के विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही करें तथा व्यवस्थाओं को अधिक बेहतर बनायें। सचिव ने निर्देश दिये कि चिकित्सा इकाई के द्वारा यात्रियों को दी जा रही सेवाओं की निगरानी के लिये वहां पर सी.सी.टी.वी. कैमरा लगाये जाय, तथा ई.सी.जी. सुविधा आवश्यकीय रूप में उपलब्ध रहे। पुलिस/एस.डी.आर.एफ. द्वारा संचालित किए जा रहे रजिस्ट्रेशन काउण्टर के बारे में निर्देश दिए गये कि लाउडस्पीकर द्वारा हैल्थ स्क्रीनिंग हेतु यात्रियों से लगातार अनुरोध किया जाय तथा रजिस्ट्रेशन काउण्टर पर हैल्थ एडवाईजरी को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाय। रजिस्ट्रेशन काउण्टर एंव हैल्थ स्क्रीनिंग में बेहतर समन्वय होना जरूरी है।
सचिव ने भ्रमण के दौरान अलग-अलग वार्डों में जाकर रोगियों से बातचीत की जिसमें सभी रोगियों ने अस्पताल की सेवाओं को संतोषजनक बताया। भ्रमण के दौरान श्रीमती झा ने मरीजों के लिए भोजन एवं अस्पताल की साफ सफाई को भी देखा तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से कहा कि साफ सफाई एवं स्वच्छता को और बेहतर बनाया जाय। अन्ततः सचिव द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रायपुर का भी निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाये जाने के बारे में निर्देशित किया।
