कोटद्वार, ब्यूरो। हाईकोर्ट के आदेश के क्रम में नगर निगम की ओर से हाईवे से अतिक्रमण हटाने के लिए फाइनल अभियान 22 जून से चलेगा। इस संबंध में नगर निगम की ओर से पुलिस प्रशासन और तहसील प्रशासन के साथ बैठक के बाद 52 अतिक्रमणकारियों की सूची जारी की गई है। हाईवे से अतिक्रमण हटाने के लिए तीन जेसीबी की व्यवस्था भी कर ली गई है।
हाईकोर्ट नैनीताल ने 18 नवंबर, 2020 को एक याचिका पर सुनवाई करते हुए जिला प्रशासन को आठ सप्ताह के भीतर हाईवे पर फुटपाथ और नगर निगम की नजूल भूमि से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। तब दिसंबर, 2020 में नगर निगम प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया। इस बीच कोरोना संक्रमण के कारण अभियान थम गया। अब अतिक्रमण हटाने के लिए जिला प्रशासन ने गत दो जून को उप जिला मजिस्ट्रेट कोटद्वार और लैंसडौन को नामित किया था। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में नगर निगम के एई रवींद्र पंवार के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने बृहस्पतिवार को हाईवे पर झंडाचौक और तहसील चौराहे के बीच भवनों की पैमाइश कर तीन भवन स्वामियों को नोटिस जारी किया है। नगर आयुक्त केएस नेगी ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के संबंध में एसडीएम प्रमोद कुमार व एएसपी मनीषा जोशी के साथ बैठक हुई, जिसमें 22 जून को हाईवे से अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि हाईवे से अतिक्रमण हटाने के लिए कुल 52 अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए गए हैं।
