नैनीताल, ब्यूरो। एक अभिनेत्री के तौर पर बेहद कम समय में लोगों के दिलों में जगह बनानेवाली अभिनेत्री भूमि पेडणेकर ने इस बार विश्व पर्यावरण दिवस का जश्न ज़रा अलग अंदाज़ में मनाया। राष्ट्रीय स्तर पर पर्यावरण के संरक्षण व संवर्द्धन के लिए हमेशा अपनी आवाज़ बुलंद करनेवाली भूमि पेडणेकर ने पर्यावरण बचाने से संबंधित क्लाइमेट वॉरियर नामक अभियान के माध्यम से लोगों को जागरुक बनाने का निश्चय किया है। पिछले कुछ सालों से क्लाइमेट वॉरियर के ज़रिए वो लगातार पर्यावरण संरक्षण व संवर्द्धन के लिए देशभर के लोगों को एकजुट करने में जुटी हुईं हैं।
भूमि पेडणेकर इन दिनों अपने सह–अभिनेता अर्जुन कपूर के साथ नैनीताल में अपनी आगामी फ़िल्म लेडी ऐंड द लेडी किलर की शूटिंग में व्यस्त हैं. मगर विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर भूमि पेडणेकर और अर्जुन कपूर ने मिलकर एसओएस चिल्ड्रेन्स विलेज ऑफ़ इंडिया के बच्चों के साथ विशेष रूप से आयोजित पौधारोपण अभियान में हिस्सा लिया।
उल्लेखनीय है कि भूमि पेडणेकर अजय बहल की लेडी ऐंड द लेडी किलर के अलावा अनुभव सिन्हा की भीड़, शशांक खैतान की गोविंदा आला रे, अक्षय कुमार स्टारर रक्षा बंधन, सुधीर मिश्रा की अफ़वाह, गौरी ख़ान द्वारा निर्मित भक्षक के अलावा और भी कुछ फ़िल्मों में नज़र आएंगी जिनका ऐलान जल्द ही किया जाएगा।
