पर्यटन सीजन के दौरान उत्तराखंड के कई पर्यटक स्थलों में दिल्ली-एनसीआर, यूपी सहित देश के अन्य राज्यों से पर्यटक भारी संख्या में उत्तराखंड पहुंचते हैं। लेकिन, पार्किंग की कमी की वजह से पर्यटकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सीएम पुष्कर सिंह धामी सरकार ने पर्यटकों की परेशानी का हल निकाला है। मसूरी में अब पार्किंग स्थल बनाने की योजना है।
मसूरी के निकट स्थित पर्यटन स्थल कैम्पटीफॉल में देश की पहली टनल पार्किंग बनाने को मंजूरी मिल गई है। साथ ही हरिद्वार में पांच ऑटोमैटिक पार्किंग को मुख्य सचिव डॉ.एसएस संधु की अध्यक्षता वाली व्यय वित्त समिति (ईएफसी) बैठक में अंतिम मंजूरी दे दी गई।
उत्तराखंड के प्रमुख शहरों व पर्यटन स्थलों पर जाम की समस्या से निपटने के लिए आवास विभाग, पार्किंग निर्माण पर जोर दे रहा है। इसके लिए प्रदेशभर में 168 पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। इनमें से 127 की डीपीआर जमा कराई जा चुकी है और 80 के लिए मंजूरी भी मिल गई है।
इन पार्किंगों में से कुछ की लागत दस करोड़ रुपये से अधिक आ रही है, इसके चलते इन योजनाओं की डीपीआर, मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली कमेटी के पास भेजी गई थी। गत शुक्रवार को हुई बैठक में इस कमेटी ने कैम्पटी में टनल पार्किंग के साथ हरिद्वार में पांच ऑटोमैटिक पार्किंग को मंजूरी दे दी।
इन सभी पार्किंग प्रोजेक्ट की डीपीआर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई ईएफसी बैठक में मंजूर कर दी गई। इन सभी प्रोजेक्ट पर एनएचआईडीसीएल को काम करना है। सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं, ऐसे में कंपनी को तत्काल काम शुरू करने को कहा गया है। कैम्पटी में देश की पहली टनल पार्किंग बनेगी।
