उत्तर प्रदेश (यूपी) के हापुड़ में अधिवक्ताओं पर हुए लाठीचार्ज और देहरादून में उत्पीड़न का ऋषिकेश के अधिवक्ताओं ने पुरजोर विरोध किया है। तहसील में धरना प्रदर्शन के दौरान यूपी पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार चमन सिंह को सौंपा।मंगलवार को ऋषिकेश बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह सजवाण के नेतृत्व में अधिवक्तागण हापुड़ में अधिवक्ताओं पर हुए बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज और देहरादून में वकीलों का उत्पीड़न करने के आरोप में नारेबाजी करते हुए ऋषिकेश तहसील पहुंचे। अधिवक्ताओं ने ऋषिकेश तहसीलदार चमन सिंह को ज्ञापन सौंपकर वकीलों पर बर्बरता पूर्ण लाठी चार्ज और शोषण की कड़े शब्दों में निंदा की।
यह था मामला
बता दें कि महिला अधिवक्ता व उनके पिता के खिलाफ फर्जी ढंग से मुकदमा दर्ज किए जाने के विरोध में बीते मंगलवार को वकीलों ने सड़क पर जाम लगा दिया था। इस पर पुलिस ने अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया था। पुरुष अधिवक्ता के साथ-साथ पुलिस ने महिला अधिवक्ता पर भी लाठीचार्ज किया था।
महिला अधिवक्ता के साथ की थी छेड़छाड़
वहीं महिला अधिवक्ता के साथ बीच सड़क पर सिपाही ने अभद्रता की। महिला अधिवक्ता के साथ छेड़छाड़ की गई। इसके बाद भी पुलिस ने फर्जी ढंग से अधिवक्ता व उनके पिता के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया। इतना ही नहीं शिकायत पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने अधिवक्ताओं के साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए अभद्रता की।
सिविल बार एसोसिएशन लक्सर ने भी जताया था विरोध
द सिविल बार एसोसिएशन लक्सर ने भी उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में पुलिस द्वारा अधिवक्ताओं पर किए गए लाठीचार्ज पर कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन भेजकर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
