बीते दिनों नगर क्षेत्र में अत्यधिक वर्षा के कारण उपजे हालात का महापौर ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों को राशन किट वितरित की। नगर निगम प्रशासन की ओर से अत्यधिक वर्षा प्रभावित क्षेत्रों के लोगों की यथासंभव मदद की जा रही है।इसी क्रम में महापौर अनीता ममगाईं ने शहर के वर्षा प्रभावित विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया और प्रभावित परिवारों का हालहाल जानने के साथ ही उन्हें राशन की किट वितरित की। उन्होंने प्रभावितों से मिलकर उन्हें विश्वास दिलाया कि मुश्किल वक्त मे प्रदेश सरकार व निगम प्रशासन उनके साथ है।
पांच हजार रुपये मदद के साथ राशन किट वितरित
महापौर ने बताया कि फोरी राहत के तौर पर प्रदेश सरकार की ओर से प्रभावित परिवारों को पांच हजार की मदद के साथ राशन किट भिजवा दी गई थी। निगम प्रशासन भी अपनी और से हर संभव मदद प्रभावित परिवारों की करने में जुटा हुआ है। इसमें सामाजिक संगठनों ने भी सहयोग का हाथ आगे बढ़ाया है।
डेंगू से सतर्क रहने की सलाह
इस दौरान महापौर ने लोग को डेंगू जैसी खतरनाक बीमारी से सतर्क रहने और घरों के आसपास सफाई रखने की अपील की। महापौर ने जानकारी दी कि विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में जोरदार तरीके से डेंगू विरोधी अभियान के तहत कीटनाशक दवाओं के छिड़काव के साथ फॉगिंग कराई गई।
सीएम ने डेंगू पर प्रभावी नियंत्रण की कार्यवाही के दिए निर्देश
वहीं प्रदेश में डेंगू के प्रकोप को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिव मुख्यमंत्री व गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय को निर्देश दिए कि शीघ्र सचिव स्वास्थ्य एवं नगर निगम के अधिकारियों साथ बैठक कर डेंगू पर प्रभावी नियंत्रण की कार्यवाही की जाए।
उन्होंने कहा कि फॉगिंग की समुचित व्यवस्था की जाए। अस्पतालों में डेंगू के मरीजों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
स्वच्छता का रखा जाए विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने कहा कि डेंगू से बचाव के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाए। स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को भी निर्देश दिए हैं कि जिन क्षेत्रों में डेंगू के मामले बढ़ रहे हैं, वहां लगातार सतर्कता अभियान चलाया जाए।
