चकराता विधायक से बातचीत के बाद चार दिन तक शांतिपूर्ण आंदोलन की बात कही
छात्रों ने मंगलवार की सुबह महाविद्यालय के मुख्यद्वार पर हंगामा करते हुए ताला लगा दिया। हंगामा बढ़ता देख तहसीलदार ग्यारूदत्त जोशी ने मौके पर पहुंचकर छात्रों को शांत कराने का प्रयास किया। इस दाैरान उन्होंने छात्रों की बात फोन पर क्षेत्र के विधायक प्रीतम सिंह से कराई। प्रीतम सिंह ने चार दिनों में समस्या का कुछ न कुछ समाधान कराने का आश्वासन दिया।उसके बाद छात्रों ने चार दिनों तक शांतिपूर्ण आंदोलन करने का भरोसा प्रशासन को दिया। इसके साथ ही छात्र बुधवार को प्रस्तावित आक्रोश रैली की तैयारी में भी जुटे रहे। छात्रसंघ अध्यक्ष आदित्य जोशी व विश्वविद्यालय प्रतिनिधि प्रमेश रावत ने कहा कि रैली में सभी छात्र व उनके अभिभावक शामिल होंगे।
-धरना स्थल पर कक्षा आयोजित
छात्रों के चल रहे आंदोलन के बीच महाविद्यालय के शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं के पढ़ाई के हो रहे नुकसान की भरपाई के लिए धरनास्थल पर ही कक्षाएं लगाई। पिछले छह दिनों से धरना दे रहे छात्र-छात्राएं कक्षाओं में नहीं जा रहे हैं, जिससे उनकी पढ़ाई का काम प्रभावित है। छात्र-छात्राओं के कक्षाओं में नहीं आने के कारण शिक्षक भी दिनभर खाली बैठकर अपना नौकरी का समय पूरा कर रहे हैं। इसी क्रम में महाविद्यालय के शिक्षकों ने पहल करते हुए छात्रों को धरनास्थल पर ही पढ़ाने का निर्णय लिया। उन्होंने चार घंटे तक छात्रों को अलग-अलग विषयों की पढ़ाई कराई।
