काशीपुर, आजखबर। अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमानुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को रामनगर रोड स्थित होटल अनन्या पहुॅचकर रोटरी क्लब द्वारा आयोजित कन्याश्री कार्यक्रम का दीप जलाकर शुभारंभ किया। 117 वर्ष के इतिहास में पहली बार किसी महिला के रोटरी क्लब का अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर जेनिफर ई.जोन्स के साथ ही रोटरी क्लब के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देवभूमि उत्तराखण्ड से बधाई दी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि रोटरी क्लब सेवा, सहायता एवं समर्पण का पर्याय बन चुका है और समाज सुधार में बेहतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब ऐंसी संस्थाएं भी आगे आकर जनहित में काम करती हैं तो और अधिक तेजी से सामाजिक विकास होता है। उन्होंने कहा कि अपने लिए कोई भी जी सकता है, परन्तु अच्छा जीवन वह है जो दूसरोें के लिए जिया जाये। उन्होंने कहा कि समाज एवं देशहित में काम करने वाला व्यक्ति लम्बे समय तक याद किया जाता है। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब ने निःस्वार्थ सेवाएं देने व समाज को आगे बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि दानदाताओं की कमी नहीं है, रोटरी क्लब भी राज्य की 25वी वर्षगांठ तक के लिए कोई न कोई लक्ष्य निर्धारित करते हुए कार्य करें ताकि उस कार्य को पूरे विश्व में रोटरी क्लब नजीर के रूप में पेश कर सके। कार्यक्रम में कक्षा 9 से 11 तक की 200 बालिकाओं को साइकिल वितरित की गई।
कार्यक्रम में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, दीवान सिंह बिष्ट, मेयर ऊषा चैधरी, वन विकास निगम अध्यक्ष कैलाश गहतोड़ी, पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा, सहित दीपिका गुड़िया आत्रेय, मुक्ता सिंह, अनुराग, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर प्राची अग्रवाल, जिलाधिकारी युगल किशोर पन्त, एसएसपी मंजुनाथ टीसी, उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह सहित बालिकाएं एवं क्बल के सदस्य मौजूद थे।
